Punjab News: श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर श्री दरबार साहिब में श्रद्धा का उल्लास, देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसर साहिबः सिख धर्म के चौथे गुरु श्री गुरु रामदास महाराज जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब और पूरे अमृतसर शहर में श्रद्धा और उल्लास की लहर दौड़ रही है। इस शुभ अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हो चुकी है, जिसमें राग दरबार, नगर कीर्तन, अमृत संचार और दीपमाला प्रमुख आकर्षण होंगे।सच्चखंड श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धगेड़ा के अनुसार गुरुद्वारा मंजी साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब शुरू हो चुके है। 6 और 7 अक्टूबर की शाम 7 बजे से रात 1 बजे तक राग दरबार का आयोजन होगा। जिसमें श्री हरिमंदिर साहिब के हजूरी रागी और बाहर से आए रागी कीर्तन के माध्यम से संगतों को निहाल करेंगे।

8 अक्टूबर को गुरु रामदास जी के प्रकाश दिवस पर सुबह 10 बजे गुरुद्वारा मंजी साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके बाद सुबह 9 से 12 बजे तक नगर कीर्तन निकलेगा, जो श्री हरिमंदिर साहिब गुरुद्वारा बाबा अटल राय और श्री अकाल तख्त साहिब से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगा। दोपहर 12 बजे श्री अकाल तख्त साहिब में अमृत संचार का आयोजन किया जाएगा।

रात में श्री रेहरास साहिब के पाठ के समापन के पश्चात इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाज़ी और दीपमाला के द्वारा हरिमंदिर साहिब की रौनक और भी बढ़ाई जाएगी। इस बार लगभग एक लाख दीये घी के जलाए जाएंगे। शहर के गुरुद्वारों, गेटों, सड़कों, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड को भव्य रूप से फूलों, लाइटों और झंडियों से सजाया जा रहा है। विशेष रूप से भाई स्विंदर पाल सिंह द्वारा फूलों की सेवा की जा रही है। 7 अक्टूबर को निकले नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारे करेंगे। चम्बे से आए सेवादार हवाई जहाज से फूलों की वर्षा करेंगे और बर्णाला की संगत द्वारा लाइटिंग सेवा की जाएगी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भाई हरजिंदर सिंह धामी ने देश-विदेश से आ रही संगतों के लिए 1000 कमरे उपलब्ध कराने वाले होटल मालिकों का विशेष आभार व्यक्त किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *