गुरदासपुरः यहां एक अनोखा मामला सामने आया है। दीनानगर विधानसभा क्षेत्र के गांव पनियाड़ में एक 95 वर्षीय व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान उस व्यक्ति द्वारा छिपाए गए 3 लाख रुपये, उसके बिस्तर में जलकर राख हो गए। इसका खुलासा तब हुआ जब 500 रुपये के नोटों का 50,000 रुपये का एक जलता हुआ बंडल चिता से बाहर गिरा। हालांकि, परिवार इस बारे में कुछ भी खुलकर कहने को तैयार नहीं है।
जानकारी के अनुसार दीनानगर के पनियाड़ गांव के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। वह किसान था और उनका बेटा सरकारी नौकरी करता है। पिता के खाते में अच्छी खासी रकम जमा थी, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि बुजुर्ग व्यक्ति ने उसमें से 3 लाख रुपये निकालकर अपने पास रख लिए थे। सोमवार को उनकी मृत्यु के बाद, उनके परिवार वालों ने बुजुर्ग व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए उनके कपड़े और बिस्तर भी जलाने के लिए उनके पास रख दिए।
जब उनकी चिता जल रही थी, इसी बीच परिवार के एक सदस्य ने देखा कि जलते हुए बिस्तर के तकिये से 50 हजार रुपये (पांच सौ रुपये के नोट) का बंडल गिर गया, जो बुरी तरह जल गया था। वे आगे जांच करना चाहते थे, लेकिन तकिये में रखा बाकी पैसा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। पैसे मिलने के बाद जब परिजनों ने बुजुर्ग के बैंक खाते की कॉपी देखी तो पता चला कि उनके खाते में 3 लाख रुपए थे, जो उनकी चिता के साथ ही जलकर राख हो गए थे। परिवार वाले इस बात को लेकर ज्यादा खुलकर नहीं बता रहे हैं। वहीं मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply