Punjab News: श्रद्धालुओं से भरी बस हुई हादसे का शिकार, छत पर बैठे 3 यात्रियों की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसरः जिले के न्यू अमृतसर के नजदीक दर्दनाक सड़क हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब बाबा बुड्ढा साहिब जी के मेले से वापिस आ रही बस (PB03BG-6147) बीआरटीएस लेन में दाखिल होने के दौरान बस में छत पर बैठे यात्री लैंटर से टकरा गए। इस घटना में छत पर बैठे 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। घटना के दौरान छत पर 15 यात्री बैठे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मकबूलपुरा की एसएचओ अमनदीप कौर ने कहा कि बस भरी हुई थी।

ਪੰਜਾਬੀ ਵਿੱਚ ਪੜ੍ਹੋ:

ਅੰਮ੍ਰਿਤਸਰ – ਬੀ.ਆਰ.ਟੀ.ਐਸ. ਲੇਨ ’ਚ ਦਰਦਨਾਕ ਹਾਦਸਾ, ਤਿੰਨ ਸ਼ਰਧਾਲੂਆਂ ਦੀ ਮੌਤ, ਇੱਕ ਗੰਭੀਰ ਜ਼ਖ਼ਮੀ

ड्राइवर को करीब आधा किलोमीटर आगे जाकर पता चला था कि बस पर बैठे युवक चोटिल हुए हैं। एसएचओ अमनदीप कौर ने जानकारी दी कि फिलहाल शवों को मॉर्चुरी में रखवाया गया है। आज उनके शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिवार को सौंप दिए जाएंगे। मृतकों की पहचान गुरसिमरनदीप सिंह, सिकंदर सिंह और सतिंदर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, खुशविंदर सिंह की हालत नाजुक है। ये सभी मुक्तसर साहिब के गांव बालमगढ़ के रहने वाले थे। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद जिसकी भी गलती होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मुक्तसर के रामगढ़ निवासी यात्री रणजीत ने बताया कि बस ड्राइवर ने युवकों को अंदर बैठने के लिए कहा था। 15 के करीब युवक छत पर चढ़ गए और उन्होंने किसी की नहीं सुनी। रात तकरीबन 9 बजे बस बाबा बुड्‌ढा साहिब (तरनतारन) से मुक्तसर साहिब के लिए निकली थी। बस अल्फा वन (अब नेक्सस मॉल) के सामने से निकली। ट्रैफिक से बचने के लिए ड्राइवर ने बस को BRTS लेन में डाल दिया।

पेट्रोल पंप के सामने बने स्टेशन से बस गुजरी तो छत पर बैठे युवक सीधे स्टेशन की छत की चपेट में आ गए। घटना के बाद बस को रोकने वाले अमृतसर के नितिन ने बताया कि बस नॉर्मल स्पीड पर थी। हादसे के बाद भी बस ड्राइवर को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह बस चलाता रहा। घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर आगे उन्होंने बस को तारां वाला पुल के पास घेरा और ड्राइवर को हादसे की जानकारी दी। यात्री महेश सिंह ने बताया कि हादसे में नीचे गिरने वाले 5 से अधिक लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

इनमें 3 की मौत हो चुकी है और एक की हालत गंभीर है। घटना के समय बस के अंदर यात्रियों को भी एक्सीडेंट का पता नहीं चला। बस रुकने के बाद समझ आया कि हादसा हुआ है, जिसमें कुछ युवक नीचे गिर गए हैं। हादसे के बाद बस का ड्राइवर भी घायलों के साथ अस्पताल गया। वहां पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सवारियों का कहना है कि बस तेज नहीं चल रही थी, लेकिन ड्राइवर को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं हुआ कि छत पर बैठे युवक नीचे गिर गए हैं।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *