राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण प्रतियोगिता ‘समर्थ-2025’ में ऊना के सूर्यांश ने हासिल किया दूसरा स्थान

Written by

in

उपायुक्त ने सूर्यांश को किया सम्मानित 

ऊना/सुशील पंडित: राज्य स्तरीय सुरक्षित निर्माण प्रतियोगिता “समर्थ-2025” के तहत सीएसएससी साइंस म्यूजियम, अन्नदपुर शोघी में आयोजित हुई प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पिरथीपुर के छात्र सूर्यांश ने प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिला ऊना का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न जिलों से कुल 22 सुरक्षित निर्माण मॉडल प्रस्तुत किए गए।

इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आज सूर्यांश को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपायुक्त ने कहा की सूर्यांश ने अपने नवाचार और प्रतिभा से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे शिक्षा विभाग और अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने और अपने नवाचारों को मूर्त रूप देने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करती है।

वहीं, डीडीएम ऊना के प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक राजन शर्मा ने जानकारी दी कि सूर्यांश का सुरक्षित निर्माण मॉडल आगामी राज्य स्तरीय आपदा न्यूनीकरण प्रदर्शनी “समर्थ-2025” में 14 अक्तूबर को रिज मैदान, शिमला में प्रदर्शित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू स्वयं सूर्यांश को सम्मानित करेंगे।

उपनिदेशक, ऊना अनिल कुमार ने कहा कि सूर्यांश द्वारा तैयार किया गया मॉडल एक ऐसे भूकंप-रोधी और आपदा-प्रतिरोधी घर का प्रतिरूप है, जो बादल फटने जैसी आपदा की स्थिति में भी सुरक्षित रहता है। इस मॉडल में विशेष पाइप व्यवस्था के माध्यम से वर्षा और बहाव के पानी की निकासी की गई है, जिससे भवन संरचना को सुरक्षित रखा जा सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *