Punjab News: नगर निगम दफ्तर में SE की औचक चैकिंग

Written by

in

40 से ज्यादा अधिकारी व कर्मी गैर हाजिर, शोकॉज नोटिस जारी

बठिंडाः नगर निगम में चल रही अनियमितताओं व भ्रष्टाचार को लेकर विजिलेंस विभाग की तरफ से जहां आए दिन जांच की जा रही है व कर्मचारियों व अधिकारियों से रिकॉर्ड तलब हो रही है। वही अधिकतर कर्मी जांच से बचने के लिए दफ्तरों से फरलों पर चल रहे हैं। इसमें निगम के अधिकतर कर्मी सुबह दफ्तर में आकर हाजिरी लगाकर चले जाते हैं व बाद में ड्यूटी समाप्ति के समय दफ्तर में पहुंचते हैं। इसके कारण दफ्तर में काम के लिए आने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। अब डिप्टी कमिश्नर व अतिरिक्त नगर निगम कमिश्नर शौकत अहमद परे ने दफ्तर में जांच की हिदायत दी। इसमें सुपरिटेंडेंट इंजीनियर संदीप गुप्ता की अगुवाई में नगर निगम दफ्तर की विभिन्न ब्रांचो की अचानक चेकिंग की गई। इस दौरान हालात यह रहे कि निगम दफ्तर में जांच के दौरान 40 से ज्यादा अधिकारी व कर्मी गैरहाजिर मिले। फिलहाल इन सभी लोगों को शोकॉज नोटिस जारी कर जबावतलबी की गई है। इसमें पूछा गया है कि वह दफ्तरी समय में सीट से गैरहाजिर रहे इसके पीछे क्या कारण रहे। अगर वाजिब कारण नहीं रहा, तो मामले में विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम में जांच के दौरान कई खुलासे हुए। इसमें अधिकतर कर्मचारी व अधिकारी ऐसे हैं जो फील्ड की बहाना बनाकर सुबह हाजिरी लगाकर चले जाते हैं। यह क्रम पिछले कई माह से इसी तरह चल रहा है। इसमें दफ्तरों में निचले स्तर के अधिकतर कर्मी बेशक हाजिर मिले, लेकिन जिम्मेवार कर्मी अपनी सीटें छोड़कर दफ्तर से गैरहाजिर मिले। पिछले दिनों नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर विजिलेंस विभाग राज्य सरकार की हिदायतों पर जांच कर रही है व आए दिन दफ्तर में पहुंचकर रिकार्ड खंगाल रही है। इसमें भ्रष्टाचार के लिए बदनाम विभागों के कर्मी रिकार्ड देने में आनाकानी करने के साथ काम के समय में सीट से गायब हो जाते हैं, ताकि उनका विजिलेंस अधिकारियों से सामना ही न हो सके। फिलहाल इस तरह के व्यवहार का सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों को हो रहा है। दफ्तर में काम करवाने के लिए सैकड़ों लोग प्रतिदिन पहुंचते हैं व सीटों पर अधिकारियों व जिम्मेवारों के नहीं बैठने चलते उनकी समस्याएं हल नहीं हो रही है। इसे लेकर लोगों ने डीसी कम कार्यकारी कमिश्नर शौकत अहमद परे के पास भी शिकायतें की थी। इसमें डीसी ने एसई संदीप गुप्ता को नगर निगम में दोपहर के समय अचानक जांच की हिदायत दी। इस दौरान जांच में 40 के करीब विभिन्न विभागों के कर्मी गैरहाजिर मिले। इस दौरान एसई ने सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की लिस्ट तैयार कर डीसी कम निगम कमिश्नर को सौंप दी है। इसमें सभी को शोकॉज नोटिस निकाल दिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *