Punjab News: बरनाला से बंबीहा गैंग के दो गुर्गे 6 पिस्तौल समेत गिरफ्तार

Written by

in

बरनाला: एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब को एक बड़ी सफलता मिली है। एजीटीएफ टीम ने बरनाला पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दविंदर बंबीहा गैंग के दो गुर्गों को छह पिस्तौलों और 19 जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह निवासी हनुमानगढ़ राजस्थान और शेखर निवासी कैथल हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक PX5 पिस्तौल, एक .30 बोर पिस्तौल, चार .32 बोर पिस्तौलें और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इसके अलावा, उनके कब्जे से एक मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है, जिसका उपयोग वह हथियारों की खेप लाने और ले जाने के लिए कर रहे थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों आरोपी अपने विदेशी हैंडलरों के इशारे पर काम कर रहे थे और बंबीहा गैंग के अन्य गुर्गों को हथियार सप्लाई करने की तैयारी में थे। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है।

इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि इनपुट्स के आधार पर यह जानकारी मिली थी कि बंबीहा गैंग के संचालक राज्य में सनसनीखेज अपराधों की योजना बना रहे हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एआईजी संदीप गोयल की निगरानी में एजीटीएफ की टीमों ने बरनाला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया और गांव धौला के पास ड्रेन के नजदीक दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *