Sapna Choudhary के शो में हुआ हंगामा, रिसॉर्ट में तोड़फोड़, गोली मारने की धमकी, FIR दर्ज, देखें वीडियो

Written by

in

नई दिल्लीः हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी के शो में भारी हंगामा हो गया। दरअसल, सपना चौधरी के छत्तीसगढ़ के कोरबा दौरे के बाद एक बड़े विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात कुछ लोगों ने ‘जश्न रिसॉर्ट’ में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान रिसॉर्ट में तोड़फोड़ की गई और सपना चौधरी की टीम के साथ मारपीट भी हुई। इस मामले में पुलिस ने सपना चौधरी की टीम और रिसॉर्ट मालिक की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि ये घटना 12 अक्टूबर, 2025 को एक कार्यक्रम के दौरान रिजॉर्ट में हुई थी।

इस कार्यक्रम के दौरान काफी भीड़ थी और बबाल भी हुआ जिस वजह से उन्होंने कार्यक्रम को ढाई घंटे की जगह सिर्फ 1 घंटे में समाप्त करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब कार्यक्रम खत्म होने के बाद देर रात सपना चौधरी अपने कमरे में आराम कर रही थीं। सपना चौधरी की शिकायत के मुताबिक, कुछ लोगों ने उनके कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। साथ ही, उनके साथ गाली-गलौज की गई और उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी गई। सपना चौधरी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी टीम के साथ झगड़ा और मारपीट की गई, और लोगों को उकसाया गया।

इस घटना के बाद रिजॉर्ट संचालक चरणजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने युगल शर्मा, अनिल द्विवेदी, सुजल अग्रवाल और अमित नवरंगलाल अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप ये लगाया गया कि ये चारों देर रात सपना चौधरी के कमरे में घुसने के लिए दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने गालियां और गोली से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने रिजॉर्ट में तोड़फोड़ की और 10 हजार रुपये लूटकर वहां से भाग गए। वहीं, अनिल द्विवेदी ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई उनका कहना है कि जब वे सपना चौधरी को सफल कार्यक्रम के लिए उन्हें बधाई देने पहुंचे, तो रिजॉर्ट कर्मियों ने उन्हें रोका और मारपीट की और उनके उनके गले से 5 तोला सोने की चैन लूट लिया।

इस घटना को लेकर एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर लूटपाट, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। वहीं, सपना चौधरी ने भी पुलिस और मीडिया को एक पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर मौके पर पुलिस और रिजॉर्ट मालिक करनदीप सिंह मदद नहीं करते तो उनकी जान भी जा सकती थी। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *