Punjab में Haryana नंबर की गाड़ी से घटिया क्वालिटी के पनीर की सप्लाई, 700 किलो पकड़ा, देखें वीडियो

होशियारपुरः मुकेरिया के बस अड्डे के पास स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सुबह लगभग 6 बजे हरियाणा नंबर की एक गाड़ी में करीब 700 किलो पनीर पकड़ा गया। इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर कुमार भाटिया और उनकी फूड सेफ्टी टीम ने जांच की तो पहली नजर में यह पनीर घटिया क्वालिटी का पाया गया। पनीर के सैम्पल लेकर इसे कोल्ड स्टोर में सीज कर दिया गया। इस मौके पर उनके साथ फूड सेफ्टी अधिकारी मनीष कुमार सोढी तथा अन्य टीम सदस्य भी मौजूद थे।

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर कुमार ने बताया कि जिले के लोगों को साफ-सुथरे खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। पिछले कई दिनों से शिकायतें आ रही थीं कि आसपास के जिलों और राज्यों से लगातार पनीर की गाड़ियां मुकेरियां में घटिया दर्जे का पनीर सप्लाई कर रही हैं। इसके चलते आज मुकेरिया बस स्टैंड के नजदीक पहले ही फूड सेफ्टी टीम नाका लगाकर खड़ी थी। जैसे ही पनीर वाली गाड़ी आई, टीम ने कार्रवाई की।

हरियाणा नंबर की इस गाड़ी से लगभग 700 किलो (7 क्विंटल) शक्की पनीर जब्त किया गया। इसके सैंपल लैबोरेटरी को भेज दिए गए हैं और पनीर को कोल्ड स्टोर में सीज कर दिया गया है। इस पनीर के संबंध में आगे क्या कार्रवाई होगी, रिपोर्ट आने के बाद बताया जाएगा। डॉ. जतिंदर ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाइयां बनाने के लिए दूध और पनीर की खपत बहुत बढ़ जाती है और मिलावटखोर घटिया क्वालिटी का पनीर और दूध बेचकर अधिक मुनाफा कमाते हैं और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे दूध, पनीर, देसी घी, तेल और मिठाइयों को अच्छे से जांच कर ही खरीदें। यदि किसी को किसी दुकानदार के संबंध में कोई शिकायत हो तो वे सिविल सर्जन कार्यालय से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों की सेवा में हर समय मौजूद हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *