Haryana News: दर्दनाक हादसा, रोड़ी से भरी ट्राली अनियंत्रित होकर कार पर पलटी, एक की मौत, 3 घायल, देखें वीडियो

Written by

in

गुरुग्रामः गुरुग्राम के व्यस्त और अहम माने जाने वाले गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सेक्टर 49/50 की रेड लाइट के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार रोड़ी से भरी ट्रॉली अचानक संतुलन खो बैठी और बगल से गुजर रही कार पर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉली का अचानक नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और सामने से गुजर रही एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान कार बुरी तरह पिचक गई और लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

हादसे में कार सवार एक व्यक्ति, जिसकी पहचान नीतीश के रूप में हुई है, की मौके पर ही मौत हो गई। नीतीश विप्रो कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। कार में उस समय कंपनी का अन्य स्टाफ भी मौजूद था, जिन्हें पिकअप करने के लिए यह कैब जा रही थी। हादसे में कार में सवार 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, ट्रॉली चालक को भी हल्की चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया। बाद में क्रेन की मदद से कार को रोड़ी से बाहर निकाला गया और कार की छत को काटकर घायलों को निकाला। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रॉली चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे का कारण ट्रॉली का असंतुलित होना बताया जा रहा है, लेकिन इसके पीछे तकनीकी खामी थी या लापरवाही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *