जुआ खेल रहे युवक पर दागी गोलियां, मौके पर ही मौत, मचा हड़कंप

Written by

in

रांचीः दीपावली की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना देर रात लगभग 2 बजे जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित मुडामु गांव में घटी। मृतक सोमा उरांव गांव के ही अखाड़ा में जुआ खेल रहे थे। मृतक के पिता फगुवा उरांव ने बताया कि एक अज्ञात अपराधी दो हाथों में पिस्टल लहराते आया और सोमा उरांव को सटाकर कई गोलियां दाग दीं। गोलीबारी के दौरान अखाड़ा में मौजूद अन्य लोग डर के मारे इधर-उधर भागे।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, पुलिस निरीक्षक उत्तम कुमार उपाध्याय, थाना प्रभारी सुजीत कुमार उरांव और फोरेंसिक जांच टीम सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस के मुताबिक मृतक सोमा उरांव पूर्व में हत्या के मामले में दो बार जेल जा चुका था। लगभग एक साल पहले जेल से छूटने के बाद अपने गांव में रह रहा था।

सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि हत्या के कारणों की छानबीन की जा रही है। पुलिस परिजन और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। मामले का खुलासा जल्द किया जा सके। इस संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के बाद मुडामु गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *