पिता के क्रिया-कर्म में हुए खर्च को लेकर विवाद, छोटे ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

Written by

in

बाड़मेरः शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां पिता की मौत के बाद क्रिया-कर्म में खर्च हुए पैसों को लेकर 2 सगे भाइयों में पहले विवाद हुआ और फिर देखते ही देखते वह विवाद खूनी झड़प में बदल गया जिसमें छोटे भाई ने बड़े की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

जानकारी मुताबिक, मृतक गुणेशाराम किसान था। उसकी पत्नी की करीब 6 साल पहले साल 2019 में मौत हो गई थी। उसके कोई बच्चा नहीं है। दोनों भाई एक साथ ही रहते थे। आरोपी छोटे भाई की पत्नी पीहर गई हुई थी। दोनों भाइयों के अलावा बुजुर्ग मां, छोटे भाई की पत्नी और बच्चे एक साथ एक ही घर में रहते हैं। करीब 3 साल पहले पिता की भी मौत हो चुकी है। पिता की मौत के रीति-रिवाज के कार्यक्रम में रुपए खर्च हुए थे। उसी खर्चे के रुपयों को लेकर छोटा भाई और बड़े भाई में विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ी की छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर बड़े भाई का मर्डर कर दिया।

बीजराड़ थानाधिकारी मगाराम ने बताया कि बुधवार देर रात को नवातला गांव निवासी गुणेशाराम (35) पुत्र अमराराम और उसके सगे भाई किशनाराम (30) के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि छोटे भाई किशनाराम ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई गुणेशाराम पर सिर के पीछे वाले हिस्से पर वार कर दिया। देखते ही देखते बड़ा भाई खून से लथपथ हालत में नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद भाई वहां से फरार हो गया। सूचना पर बीजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी की टीमों को बुलाया गया। सबूत जुटाए गए। शव को चौहटन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी भाई की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *