Punjab News: हाईटेंशन तारों से टकराई बच्चों से भरी बस, लोगों में दहशत, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः जिले की कोचर मार्केट इलाके में बच्चों से भरी बस अचानक हाई टेंशन तारों से टकरा गई। हादसे के बाद इलाके की बिजली ठप हो गई, क्योंकि टकराने के बाद हाई टेंशन लाइन के तार टूटकर जमीन पर गिर पड़े। हादसा इतना खतरनाक था कि कुछ पल के लिए पूरे इलाके में चिंगारियां उड़ने लगीं और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना को लेकर मौके पर हड़कंप मच गया। दरअसल, बस में संगरूर से खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए करीब 55 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए बस के अंदर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं बिजली विभाग की टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। जिन्होंने लाइन बंद करवाकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे समाजसेवी और एडवोकेट राजेश राजा ने प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा यह तो महज किस्मत थी कि कोई अनहोनी नहीं हुई।

कोचर मार्केट में तार कई जगहों पर झूल रहे हैं, लेकिन बिजली विभाग आंखें मूंदे बैठा है। अगर बिजली चालू होती तो आज कई मासूमों की जान जा सकती थी। राजेश राजा ने यह भी कहा कि उन्होंने कई बार विभाग को तारों की ऊंचाई और झूलती लाइन की शिकायत दी थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यह सीधी-सीधी प्रशासनिक लापरवाही है। बस ड्राइवर ने बताया कि अंधेरा होने और सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण उसे तारें दिखाई नहीं दीं। अचानक चिंगारी निकली और बच्चे डर गए। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

बिजली विभाग की टीम तारों को बदलने का काम कर रही है, लेकिन कोचर मार्केट और आसपास के इलाके की बिजली 3 घंटे गुल रही। इलाके के लोगों का कहना है कि यह हादसा प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है। कई जगहों पर तार इतनी नीचे लटक रहे हैं कि किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग को जल्द से जल्द सभी हाई टेंशन लाइनों की जांच करानी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं ना हों।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *