गालियां देने पर गुस्साए 3 दोस्तों ने एक साथी की हत्या की, पुल से नीचे फेंककर पत्थर से कुचला

Written by

in

धमतरीः जिले में दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां, 3 दोस्तों द्वारा अपने ही एक साथी की हत्या कर दी। दरअसल, मां-बहन की गालियां देने पर गुस्साए दोस्तों ने मिलकर अपने एक साथी का पहले गला घोंटकर पुल के नीचे फेंका, लेकिन जब देखा कि वह अभी जिंदा है तो उसके सिर को पत्थर से कुचल दिया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी अनुसार, मृतक मनीष कुमार मिथलेश (26) छतीसगढ़ के धमतरी में करगा गांव का रहने वाला था। 21 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे मुख्य आरोपी होमेश कुमार साहू अपने दोस्त चाहत यादव के साथ मनीष को शराब पिलाने के लिए चटौद-करगा नाला पुल के पास ले गए। शराब पीने के दौरान मनीष ने किसी बात को लेकर होमेश से गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी होमेश साहू ने अपने गमछे से मनीष के गले को बांधकर दबाया। इसके बाद सिर पर कई बार वार किया, फिर मरा समझकर मनीष को गमछे से बांधकर पुल के नीचे फेंक दिया, लेकिन मनीष जिंदा था। इसके कुछ देर बाद दोस्तों ने देखा कि वह जिंदा है तो फिर पत्थर से सिर पर इतना मारा की उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद मनीष का मोबाइल और बाइक वहीं फेंककर सभी आरोपी भाग गए। पुलिस को 22 अक्टूबर को करगा-चटौद पुल के नीचे मनीष की लाश लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया मर्डर केस फाइल कर जांच शुरू की। पूछताछ और मोबाइल के माध्यम से पता चला कि मृतक का नाम मनीष कुमार मिथलेश (26) है। इसके बाद पुलिस ने मनीष कुमार के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की। इस दौरान आखिरी बार होमेश साहू के साथ देखे जाने की सूचना मिली। पुलिस ने होमेश साहू को हिरासत में लिया। इस दौरान आरोपी से पूछताछ की गई। आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में कड़ाई से पूछताछ करने पर जुर्म कबूल कर लिया।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि जांच में पता चला है कि मनीष कुमार मिथलेश और होमेश कुमार साहू का पहले झगड़ा हुआ था। मनीष ने रायपुर से गांव लौटने पर होमेश से गाली-गलौज की थी। इसी वजह से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसी को लेकर होमेश ने मनीष को मारने की साजिश रची। होमेश कुमार साहू ने शराब पिलाने के बहाने ले जाकर मनीष की हत्या कर दी। इस दौरान होमेश (19) ने मनीष के सिर को पत्थर से कुचला। चाहत यादव (19) ने गमछे से गला दबाया और मनीष कुमार साहू (21) ने गला दबाने में साथ दिया।

धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि वारदात के दूसरे दिन मनीष कुमार साहू को खून लगे गमछे और मोबाइल को जलाने के लिए कहा था। इसके बाद मनीष कुमार साहू ने खून लगे कपड़े और गमछे को छिपाया था। साथ ही मृतक के मोबाइल को झाड़ियों में फेंक दिया था। एसपी ने बताया कि साइबर और एफएसएल टीम की संयुक्त जांच से हत्याकांड की गुत्थी सुलझी। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *