तेज रफ्तार थार का कहर, गाय और व्यक्ति की मौत, आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

Written by

in

चंडीगढ़ः कांसल गांव से कैंबवाला रोड पर देर रात तेज रफ्तार थार चालक मुकुल खत्री ने एक गाय, साइकिल और एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गाय और साईकिल सवार की मौत हो गई, जबकि एक्टिवा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। एक्टिवा सवार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान शाहबाज के रूप में हुई है। इस केस में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के दौरान आरोपी अकेला गाड़ी में मौजूद था।

बता दें कि इस घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार चालक पहले शराब के ठेके के पास गाय को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ा, लगभग 50 मीटर आगे साइकिल सवार को और उसके कुछ दूर एक्टिवा चालक को भी टक्कर मार दी। साइकिल थार के आगे फंस गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश में थार अचानक बंद हो गई जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मौके पर पहुंची चंडीगढ़ पुलिस की पीसीआर टीम ने घायल एक्टिवा चालक को तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया। जबकि दूसरे व्यक्ति की मौत हो गई। आरोपी की पहचान सुखना एनक्लेव के रहने वाले पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के जूनियर वकील मुकुल खत्री के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी का सीनियर वकील मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा है ताकि यह पुष्टि हो सके कि उसने शराब पी रखी थी या नहीं।

हादसे की जगह पर हर 50 मीटर की दूरी पर गाय, साइकिल और एक्टिवा के टुकड़े पड़े थे। पुलिस के अनुसार, यह इलाका सिविल सचिवालय और विधानसभा के पीछे वाली सड़क है, जो देर रात सुनसान रहती है। थार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से यह तीन टक्कर हुई। पुलिस ने थार जब्त कर ली है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *