Tent City में लगी भीषण आग, टूरिस्ट में मची अफरा-तफरी

Written by

in

जैसलमेरः शहर के रिसोर्ट की मशहूर टेंट सिटी में आग लगने का मामला सामने आया है। हादसे के दौरान टूरिस्ट म्यूजिक प्रोग्राम देख रहे थे, इस कारण टेंट में कोई नहीं था। आग फैली तो 50 मीटर दूर हो रहे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। हादसा वीरवार रात करीब 9 बजे सम सैंड ड्यून्स के जैन रिसोर्ट में ये हुआ। मिनटों में ही सिटी के 5 लग्जरी टेंट पूरी तरह जल गए। रिसोर्ट के स्टाफ व टूरिस्ट ने रेत डालकर आग को बुझाया। मौके पर न तो एंबुलेंस पहुंची और न जिला प्रशासन की सिविल डिफेंस टीम।

एसएचओ बगडूराम ने बताया कि रिसोर्ट परिसर में एक म्यूजिक और कल्चरल कार्यक्रम चल रहा था। उसी दौरान एक टेंट में अचानक आग की लपटें उठीं। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते आसपास के टेंट को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि कुछ ही मिनटों में 5 टेंट पूरी तरह जल गए। करीब 30 मिनट बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग को बुझाने के बाद आसपास के टेंट में रह रहे सैलानियों को अन्य टेंट में शिफ्ट किया गया। ये सभी लोग महाराष्ट्र से आए थे। हादसे के दौरान आग वाले एरिया में करीब 50 टूरिस्ट थे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगरपरिषद पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

बता दें, सम में सर्दियों के दौरान टेंट सिटी बनाई जाती है। कनोई गांव से लेकर सम गांव तक करीब 10 किमी एरिया में 150 से ज्यादा लग्जरी रिसॉर्ट बने हैं। किसी रिसॉर्ट में 20 टेंट है। कोई 100 टेंट के साथ रिसॉर्ट चला रहा है। दीपावली के आसपास यहां सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ती है। सैलानियों की भीड़ जनवरी तक, यानी जब तक ठंड है तब तक रहती है। ये टेंट काफी लग्जरी होते हैं और लोगों को मिनी दुबई जैसा अहसास दिलाते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *