ऊना/सुशील पंडित: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मिनी सचिवालय ऊना परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। उपायुक्त ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि हमें सदैव राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए समर्पित रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने राष्ट्र निर्माण में अपना अविस्मरणीय योगदान दिया और विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता को साकार किया। वहीं, इंदिरा गांधी का जीवन साहस, दृढ़ निश्चय और राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनकी दूरदर्शी सोच और निर्णायक नेतृत्व ने भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उपायुक्त ने कहा कि सरदार पटेल और इंदिरा गांधी के आदर्श हमें देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर सहायक आयुक्त ऊना वरिंद्र शर्मा, नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, सीपीओ ऊना संजय संख्यान सहित मिनी सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply