जमीनी विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, कुल्हाड़ी मारकर 2 की हत्या

Written by

in

जशपुरः जिले में जमीन विवाद को लेकर डबल मर्डर का मामला सामने आया है। खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों ने एक-एक युवक को कुल्हाड़ी से काट डाला। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। जमीन विवाद लंबे समय से चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतकों का नाम चकरो यादव (52) और पुस्तम उर्फ नान्ही नागवंशी (30) है, जो पाकरगांव के बैगापारा के निवासी थे। दोनों खेती-किसानी का काम करते थे। सरकारी जमीन के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों में हमेशा झगड़ा रहता था। 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद नागवंशी परिवार के करीब 12 लोग हथियारों के साथ गिरोधर यादव के घर पहुंचे। इस दौरान पुस्तम नागवंशी परिवार के हथियारबंद लोगों ने गिरोधर यादव के घर के दरवाजे और खिड़कियां को तोड़ने की कोशिश की। उस समय गिरोधर घर के अंदर मौजूद था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने अपने बड़े भाई चकरो यादव को मदद के लिए कॉल किया। इसके बाद जैसे ही चकरो यादव मौके पर पहुंचा। इस दौरान पुस्तम नागवंशी और उसके परिवार के लोगों ने चकरो यादव को कुल्हाड़ी से काट डाला। कुल्हाड़ी से कई वार की वजह से चकरो यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जमीन पर खून ही खून बिखर गया।

इसी दौरान गांव में ही पास में यादव समाज का एक कीर्तन कार्यक्रम चल रहा था। जब कीर्तन में शामिल लोगों को हमले की सूचना मिली, तो बड़ी संख्या में वे घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन दूसरे पक्ष के लोग भाग निकले। हालांकि, उनमें से एक युवक नान्ही नागवंशी लोगों के हाथ लग गया। इसके बाद यादव परिवार की भीड़ ने नान्ही नागवंशी को जमकर पीटा। नान्ही नागवंशी पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी भी मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद लोगों ने मर्डर की सूचना पत्थलगांव पुलिस को दी। साथ ही यादव समाज ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर पत्थलगांव में चक्काजाम भी किया।

मामले की जानकारी मिलते ही पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडेय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सिचवेशन तो कंट्रोल किया। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद पर वारदात हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *