माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं के लिए ऑडिशन 3 से

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव में सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 3, 4 और 6 नवंबर को अंब कॉलेज में कलाकारों के ऑडिशन लिए जाएंगे। ऑडिशन 3 नवंबर को महाराणा प्रताप राजकीय कॉलेज अंब के सभागार में प्रातः 11 बजे से आरम्भ होंगे।

यह जानकारी देते हुए  उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि ऑडिशन के लिए जिला लोक संपर्क अधिकारी ऊना की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। इसमें जिला भाषा अधिकारी ऊना, अंब कॉलेज की म्यूजिकल वोकल की सहायक प्रोफेसर तथा तहसीलदार अंब को सदस्य बनाया गया है। ये समिति सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के ऑडिशन का जिम्मा देखेगी।

उन्होंने कहा कि नामी कलाकारों और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों व पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट रहेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए कलाकार एसडीएम कार्यालय अंब में आवेदन कर सकते हैं। ईमेल पते माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव एट दी रेट जीमेल डॉट कॉम पर भी आवेदन भेजे जा सकते हैं।

बता दें, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव इस वर्ष 14 से 16 नवंबर तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 से 28 सितम्बर तक अंब मैदान में आयोजित महोत्सव का प्रथम संस्करण अत्यंत सफल रहा था। इस आयोजन ने न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मन मोहा, बल्कि इसे प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कैलेंडर में एक विशिष्ट पहचान भी दिलाई। महोत्सव ने आस्था और लोक-संस्कृति के समन्वय से एक प्रेरणादायक सांस्कृतिक पहल के रूप में अपनी छाप छोड़ी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *