जालंधर, ENS: कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर क्राइम थाना पुलिस लाइन में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान 50 गुम व चोरी हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर एडीसीपी ऑपरेशंस विनीत अहलावत एवं एसीपी साइबर क्राइम संजय कुमार की अगुवाई में आईटी टीम ने की। इस दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों के आधार पर आधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग तकनीक का उपयोग करते हुए इन्हें बरामद किया। पिछले महीने भी पुलिस ने 30 मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को लौटाए थे।
पुलिस ने बताया कि यह अभियान इसी तरह से जारी रहेगा। सरकार द्वारा शुरू किया गया CEIR पोर्टल गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने, दुरुपयोग रोकने और IMEI आधारित ट्रैकिंग से उन्हें बरामद करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जालंधर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए, तो तुरंत CEIR पोर्टल (https://ceir.gov.in) या नजदीकी सांझ केंद्र पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय पर सहायता मिल सके।
वहीं राधिका सिक्का ने कहा कि CEIR पर शिकायत दर्ज करने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि फोन मिल जाएगा और पुलिस ने इसे सच कर दिखाया। इसी तरह सतीश ने कहा कि उन्होंने बसती बावा खेल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। हरिंदर कुमार का फोन भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) से गुम हुआ था। अर्पित ने कहा कि उसने डिवीजन नंबर–4 थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज करवाई थी और उन्हें यकीन नहीं था कि फोन वापस मिलेगा। लेकिन इन सभी को आज गुम हुआ फोन मिल गया।

Leave a Reply