Meat Shop खोलने को लेकर दुकानदार को पीटा, जय श्री राम के नारे लगवाते हुए जड़े थप्पड़, देखें वीडियो

Written by

in

हिसारः शहर के कैंप चौक पर मीट की दुकान खोलने पर दुकानदार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। दुकानदार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मंगलवार को नॉनवेज की शॉप खोली हुई थी। घटना संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि भगवा गमछा पहने एक व्यक्ति नॉन वेज की शॉप आता है और आते ही दुकानदार को थप्पड़ मारने शुरू कर देता है। थप्पड़ मारने के बाद युवक अपना परिचय देते हुए कहता है कि मैं बजरंग दल का मेंबर हूं। इसके बाद दुकानदार पूछता है कि मेरा कसूर क्या है। इसके बाद गाली देते हुए युवक दुकानदार के सिर पर पानी की बोतल मारता है। दुकानदार कहता है- भइया आगे से ऐसा नहीं होगा, मगर वह नहीं रुकता और कहना कि तूं गुंडा है क्या? वह दुकानदार का हाथ मरोड़ देता है और कहता है कि उसे थप्पड़ मारकर कहता है कि जय श्रीराम के नारे लगा। दुकानदार कहता है कि मैं हिंदू हूं। मगर फिर भी वह जान बचाने के लिए जय श्रीराम के नारे लगाता है। यह घटना मंगलवार 2 नवंबर की बताई जा रही है। इस घटना के बाद ईआरवी मौके पर पहुंची। इसके बाद आदमपुर के भाना गांव के निवासी आरोपी रणबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इस बारे में हिंदू संगठन से जुड़े संजीव चौहान से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा शख्स रणबीर है और इसका बजरंग दल से कोई लेना देना नहीं है। संजीव चौहान ने बताया कि रणबीर गोरक्षा दल का सदस्य होगा। बजरंग दल हिंदू समाज के लिए संवैधानिक दायरे में रहकर काम करता है। किसी से भी मारपीट करना गलत है और अपने स्वार्थ के लिए संगठन को बदनाम करना गलत है। उधर, इस मामले में शुक्रवार को एसपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मुद्दा उठा था। एसपी शशांक कुमार सावन ने इस मामले में कार्रवाई करने की बात कही थी। आज शनिवार को आरोपी को आदमपुर के गांव भाना गांव से अरेस्ट कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वहीं दुकानदार मनु का कहना है कि वह काम धंधा करके दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करते हैं। वह किसी से लड़ना नहीं चाहते इसलिए बात को आगे बढ़ाने के बजाय उन्होंने वहीं खत्म कर दी। दुकानदार मनु मूलरूप से उत्तराखंड का रहने वाला है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *