ऊना/ सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं श्री नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंपकर विकास और जनकल्याण का दायित्व दिया था, लेकिन कांग्रेस ने झूठी गारंटियों के सहारे यह जनादेश हासिल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग रही है और हर असफलता के लिए भारतीय जनता पार्टी को दोषी ठहराकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही है।
शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वर्तमान दुर्दशा के लिए मुख्यमंत्री, उनके मंत्रीमंडल के सहयोगी, कांग्रेस विधायक और संगठन के पदाधिकारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्याओं का समाधान कांग्रेस सरकार से चाहती है, भाजपा से नहीं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था, माफिया राज, गुंडाराज, नशे का बढ़ता जाल, जर्जर सड़कों, ठप विकास, बढ़ते भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के लिए कांग्रेस सरकार को जवाब देना होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भाजपा में पांच गुट होने के आरोप पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा चाहे पांच गुटों में बंटी हो या दस में, जनता को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया था और अब मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय भाजपा पर आरोप लगाकर समय गुजार रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान युवाओं को हर साल लाखों नौकरियां देने और 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन अब ये सभी गारंटियां हवा में गायब हो गई हैं।
चिंतपूर्णी में सौगंध खाने वाले नेता भी अब मौन हैं और मुख्यमंत्री जनता का सामना करने से कतरा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार का अधिकांश कार्यकाल बीत चुका है और अब बचा हुआ समय भी कम है, इसलिए कांग्रेस पार्टी को जनता के हर सवाल का जवाब देना ही होगा।
Leave a Reply