डीसी जतिन लाल और डॉ. रेणु सहरावत ने अंब स्कूल में बच्चों संग बिताए आत्मीय पल, वितरित किए जूते व जुराबें

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल तथा उनकी धर्मपत्नी एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. रेणु सहरावत ने मंगलवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय अंब का दौरा किया। दोनों ने बच्चों के साथ आत्मीय पल बिताए और उन्हें 272 जोड़ी जूते तथा जुराबें वितरित कीं। यह कार्यक्रम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी एवं एस.आर.पी. केयर फॉर इंडिया फाउंडेशन, पोलियां पुरोहितां के सौजन्य से आयोजित किया गया।

उपायुक्त ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं, बल्कि पूरे समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाते हैं।डॉ. रेणु सहरावत ने बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उन्होंने और उपायुक्त ने बच्चों के साथ मिड डे मील साझा किया तथा विद्यालय के अध्यापकों द्वारा तैयार पौष्टिक भोजन की प्रशंसा की।एस.आर.पी. केयर फॉर इंडिया फाउंडेशन की निदेशक सुषमा शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा खंड अंब के 16 प्राथमिक विद्यालयों में कुल 1023 छात्रों को जूते वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं जिनकी उपायुक्त ने भरपूर सराहना की और उनके उत्साह की प्रशंसा की।

विद्यालय के अध्यापकों ने कहा कि जिले को ऐसे संवेदनशील एवं प्रेरणादायक अधिकारी मिलने पर गर्व है।इस अवसर पर एस.आर.पी. केयर फॉर इंडिया फाउंडेशन के को-फाउंडर नरेंद्र शर्मा, सी.एच.टी. इन्द्र कौर, विद्यालय स्टाफ और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *