Punjab News: कार सवारों ने टोल प्लाजा मैनेजर को मारी गोली, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियाना: जिले के कस्बा समराला में आज दोपहर घुलाल टोल प्लाजा पर कार सवार चार लोगों ने टोल प्लाजा के मैनेजर पर गोलियां चला दीं, जिससे वह घायल हो गया। लोगों ने बताया कि अचानक हुई इस फायरिंग से आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल टोल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया
फायरिंग में टोल मैनेजर यादविंदर सिंह घायल हो गए। उन्हें तुरंत समराला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया।

डाक्टर के अनुसार, यादविंदर को एक गोली लगी है, जबकि दूसरी गोली उनके पास से निकल गई। उनके शरीर पर कुछ और चोटों के निशान भी हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस
मौके पर मौजूद गुरप्रीत नाम के युवक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही समराला पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पुरानी दुश्मनी से जुड़ा हो सकता है मामला
डीएसपी के मुताबिक, घायल यादविंदर सिंह पहले अमृतसर के पास ढिल्लवां टोल प्लाजा में काम करते थे। वहीं उनकी नछत्तर सिंह नामक व्यक्ति से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। पुलिस को शक है कि यह हमला उसी रंजिश का नतीजा हो सकता है।

हमलावर कार में सवार होकर आये
घटना के समय हमलावर स्विफ्ट डिज़ायर कार में आए थे। करीब साढ़े तीन बजे उन्होंने पहले यादविंदर पर तलवारों से हमला किया और बाद में भागते समय उसकी जांघ में गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि यादविंदर करीब पाँच महीने पहले ही घुलाल टोल प्लाजा पर ड्यूटी पर तैनात हुए थे।

हमलावरों की तलाश जारी
डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि पुलिस पूरी कोशिश कर रही है कि इस घटना की गुत्थी जल्द सुलझाई जाए। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *