Punjab News: New Model Town में घर में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः शहर के पॉश इलाके न्यू मॉडल टाउन में बुधवार तड़के एक घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस दौरान घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिन्हें समय रहते एक बच्चे के जाग जाने से पता चला और उन्होंने जल्द से बाहर निकलकर जान बचाई। आग से घर में रखा कीमती सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी देते न्यू मॉडल टाउन निवासी सागर नागपाल ने बताया कि सुबह 4 बजे के करीब उनके बच्चे की नींद खुली जिसे जलने की तेज बदबू आई और पूरे घर में धुआं फैल रहा था। जब सागर ने बाहर आकर देखा तो लॉबी में पूरी तरह धुएं से भरा हुआ था। उन्होंने जब अपने पिता का बंद कमरा खोला तो अंदर आग की तेज लपटें उठ रही थीं। सागर ने तुरंत अपनी पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और आनन-फानन में सभी को घर से बाहर निकाला।

परिवार के बाहर आते ही शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी और साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सागर के अनुसार जिस कमरे में आग लगी वह पिछले 2 दिनों से बंद था, क्योंकि उनके माता-पिता शहर से बाहर गए हुए थे। प्राथमिक अनुमान है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही है।

आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते यह ऊपर बने मंजिल तक पहुंच गई। आग की लपटों ने कमरे में पंखे, टीवी और फ्रिज जैसे कीमती सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *