नशे के विरुद्ध एक युद्ध एवं बाल संरक्षण पर जागरूकता शिविर का आयोजन

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: “नशे के विरुद्ध एक युद्ध” अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुरियाला में जिला बाल संरक्षण अधिकारी ऊना, कमलदीप सिंह की अध्यक्षता में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियो को नशे के दुष्प्रभावों, समाज पर उसके नकारात्मक प्रभावों, तथा बच्चों के प्रति होने वाले यौन अपराधों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी सत्र के माध्यम से बच्चों को संवादात्मक रूप में जागरूक किया गया। लगभग 200 प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया। जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह ने विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा योजनाओं, यौन अपराधों से बच्चों की सुरक्षा अधिनियम, 2012 (पॉस्को एक्ट ), नशीली दवाओं एवं मनोदैहिक पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट ), बाल तस्करी, गोद लेने की प्रक्रिया, साइबर अपराध, बाल श्रम और बाल विवाह से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा लागू मिशन वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना 2023, मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना, तथा सामर्थ्य योजना की विशेषताओं की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना 2023 के अंतर्गत अनाथ बच्चों को चार हज़ार रुपये प्रतिमाह भत्ता, विवाह हेतु दो लाख रुपये, स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए दो लाख रुपये, मकान निर्माण के लिए तीन लाख रुपये, तथा शिक्षा से संबंधित सभी खर्चे राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं उनकी टीम ने दिया। अपने संबोधन में कमलदीप सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे इन योजनाओं और जागरूकता संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि प्रत्येक व्यक्ति इनका लाभ उठा सके। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा जिला बाल संरक्षण इकाई ऊना की टीम उपस्थित रही।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *