घर में मिली 3 बच्चों और दंपति की लाश, इलाके में फैली सनसनी

Written by

in

श्रावस्तीः शहर में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां, पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव बेडरूम में पड़े मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पत्नी और बच्चों की लाशें बेड पर थीं, जबकि पति चारपाई पर पाया गया। उसकी जुबान बाहर निकली हुई थी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह जब पांचों सो कर नहीं उठे तो घरवाले उन्हें जगाने पहुंचे। दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो पांचों की लाशें पड़ी थीं। फिर दरवाजा तोड़कर परिवार वाले अंदर गए। बताया जा रहा है कि युवक पत्नी और बच्चों के साथ मुंबई रहता था। वह 5 दिन पहले ही घर लौटा था। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमें पहुंची हुई हैं। मामले की जांच जारी है।

जानकारी मुताबिक, इकौना थाना क्षेत्र के कैलाशपुर स्थित मनिहारपुरवा गांव के रोज अली, अपनी पत्नी शहनाज के साथ मुंबई रहते थे। उनकी 2 बेटियों गुलनाज (11), तबस्सुम (10) और बेटा मोइन (डेढ़ साल) भी साथ ही रहते थे। गांव में उसके सगे भाई मोहम्मद हुसैन और शहजाद हुसैन रहते हैं। 3 बहनें हैं। जबकि उनकी सौतेली मां के 4 बेटे और 2 बेटियां हैं। परिजन ने बताया कि वह बहन की शादी के लिए रिश्ता तय करने आया था। गांव में वह 5 दिन पहले ही पहुंचा था। सौतेली मां फातिमा ने बताया कि वह परिवार के साथ 5-6 महीने बाद गांव आया था। बहन का रिश्ता तय करना था, साथ ही गांव में मेला भी लगा है। काफी पहले से वह अलग घर बनवाकर रह रहा था। जबकि उसके पिता और उसकी बहन मेरे साथ रहते हैं।

फातिमा के अनुसार, मुंबई से आने के बाद उसकी पत्नी शहनाज हर सुबह हमारे पास आती थी। थोड़ी देर बैठती थी। बातें करती थी। उसके बच्चे भी सुबह से यहीं पर खेलते थे। बहन रुबीना ने बताया कि वीरवार रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद पूरा परिवार सोने के लिए कमरे में चला गया था। मां ने कहा कि आज यानी शुक्रवार की सुबह कोई नहीं आया। रुबीना ने बताया कि जब उन्होंने जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाया लेकिन नहीं खुला। खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में सभी पड़े हुए थे। फिर दरवाजा तोड़ा गया। 5 मौतों से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर इकौना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमें बुलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *