Punjab News: आज इतने बजे बस कर्मी करेंगे चक्का जाम, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

जालंधर, ENS: पंजाब में किलोमीटर स्कीम को लेकर एक बार फिर से बस कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में आज फिर से बस कर्मी चक्का जाम करेंगे।जिसको लेकर आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, बसें लगाने के किलोमीटर स्कीम योजना के लिए टेंडर खोलने के विरोध में पंजाब रोडवेज, पनबस, पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के कर्मियों ने आज दोपहर 12 बजे से सरकारी बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है। यूनियन नेताओं के अनुसार प्रबंधन 17 नवंबर को प्राइवेट बसें अर्थात किलोमीटर स्कीम की बसें लगाने के लिए टेंडर खोलने का प्रयास करेंगे, जिसका संगठन द्वारा कड़ा विरोध किया जाएगा और धरने-प्रदर्शन किये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस बार की कार्रवाई आर-पार वाली होगी और मांगें ना माने जाने पर सख्त मोर्चा खोला जाएगा। संगठन के अनुसार 7 हजार से अधिक कर्मचारी रोष प्रदर्शन करेंगे और अगर टेंडर खोले गए तो जगह-जगह धरने व प्रदर्शन किये जाएंगे। यदि इन कर्मचारियों की हड़ताल होती है तो इस दौरान आम लोगों को फिर से भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा और पंजाब रोडवेज व पीआरटीसी संस्थाओं को आर्थिक घाटे का भी सामना करना पड़ेगा।

इस संबंध में संगठन के बस यूनियन के नेता ने बताया कि यूनियन द्वारा कई बार सरकार व प्रबंधन को लिखित और मौखिक रूप से किलोमीटर बसों के कारण होने वाले घाटे और इन किलोमीटर स्कीम बसों की जगह सरकारी बसें लगाने के लिए हर प्रकार के तर्क दिए जा चुके हैं, परंतु फिर भी प्रबंधन द्वारा प्राइवेट बसों को प्राथमिकता दी जा रही है और परिवहन विभाग के निजीकरण का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांट्रैक्ट कर्मियों की बाकी मांगों को प्रशासन से हल करवाने के लिए आज से दोपहर 12:00 बजे के बाद पनबस और पीआरटीसी की बसों का पूर्ण चक्का जाम कर हड़ताल शुरू की जाएगी और कार्रवाई के रूप में पीआरटीसी के चेयरमैन व विभाग के एमडी के आवास और मुख्य कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।

जिसके बाद18 नवंबर को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री पंजाब के आवास पर पक्का धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में धरने की तैयारी पक्के मोर्चे के रूप में की जा रही है और अपनी मांगें मनवाने के बाद ही वापस लौटेंगे। इस दौरान संगठन से जुड़े सभी डिपो की समितियां अपने-अपने डिपो में मौजूद रहेंगीं और दिए गए कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *