माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 धूमधाम के साथ संपन्न

Written by

in

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे समापन समारोह के मुख्य अतिथि ऊना/सुशील पंडित: धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंब के मेला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव का दूसरा संस्करण रविवार को हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि महोत्सव का शुभारंभ 14 नवंबर को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया था। महोत्सव की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में प्रदेश के कलाकारों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से लोगों का दिल जीता। हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं व पर्यटकों ने महोत्सव में भाग लेकर आयोजन को भव्य सफलता प्रदान की। समापन समारोह में उपायुक्त जतिन लाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया। विधानसभा अध्यक्ष ने महोत्सव की सफलता पर दी बधाई इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव-2025 की भव्य सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी आयोजकों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के महोत्सव समाज को अपनी संस्कृति से जोड़कर रखते हैं, और संस्कृति से जुड़े समाज ही वास्तविक अर्थों में प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देव संस्कृति से ओतप्रोत धरा है। यह शक्तिपीठों और देवी-देवताओं की पावन भूमि है, इसलिए अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को गौरव के साथ संजोकर रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के प्रयासों की सराहना की। महोत्सव के आयोजन को लेकर कुछ लोगों द्वारा की गई आलोचनाओं का उल्लेख करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि अच्छे कार्यों की भी आलोचना होती है, क्योंकि आलोचना जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है। जितनी अधिक आलोचना होती है, उतना ही प्रमाणित होता है कि कार्य अधिक लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारी संख्या में जुटा जनसमूह इस महोत्सव की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण हैं। विरोध करने वालों को विधायक का संदेश, आगे और भव्यता से किया जाएगा आयोजन विधायक सुदर्शन बबलू ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला एवं उपमंडल प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करते हैं। उन्होंने महोत्सव का विरोध करने वालों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और आयोजन की सफलता का उत्सव मनाने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी के नाम पर हो रहे महोत्सव का विरोध करने से हम डरने वाले नहीं हैं। देशभर में अनेकों मेले भगवानों के नाम पर आयोजित होते हैं, तब किसी को आपत्ति नहीं होती। लेकिन विरोध केवल इसी आयोजन से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक व्यापकता व भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित यादव, एसडीएम अंब सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्थानीय लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।  
  • Beta
Beta feature

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *