Punjab News: तस्करों की गुंडागर्दी, पेट्रोल बम से हमला कर घर में लगाई आग

Written by

in

लुधियाना: मॉडल टाउन में डॉ. अंबेडकर नगर में नशा तस्करों की गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला है। जहां तस्करों ने एक घर पर पेट्रोल बम फेंक कर आग लगा दी। इस घटना को लेकर परिवार में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार चार दिन से घर नहीं गया है। मामले की जानकारी देते हुए पीड़िता दर्शना अपने पति रमेश कुमार के साथ पुलिस कमिश्नर लुधियाना को शिकायत देने पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में सक्रिय चिट्टा तस्कर करीब 20 युवकों ने उनके परिवार को निशाना बनाया। मेरे बेटे को पहले चिट्टे की लत लगाई, विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी।

दर्शना ने शिकायत में आरोप लगाया कि उनका 26 वर्षीय बेटा सागर पिछले एक साल से आरोपियों द्वारा चिट्टे के जाल में फंसाया जा रहा था। परिवार के विरोध करने पर उन्हें धमकी दी गई कि अगर सागर ने नशा सप्लाई नहीं किया तो पूरे परिवार को घर में जिंदा जला देंगे।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पहले भी सागर पर तेजधार हथियारों से हमला किया था। दर्शना के अनुसार आरोपी स्थानीय पुलिसकर्मियों से जान-पहचान का दावा करते हैं और इसी डर से परिवार शिकायत दर्ज नहीं करवा सका।

उन्होंने कहा कि 15 नवंबर की शाम करीब 9:30 बजे पेट्रोल से भरी कांच की बोतलों के साथ आरोपी उनके घर पहुंचे और पेट्रोल बम फेंककर घर में आग लगा दी। परिवार ने कहा कि इस दौरान वह घर पर नहीं थे, अगर हम घर में होते, तो हमें जिंदा जला देते। दर्शना ने दावा किया कि आरोपियों ने पेट्रोल बम फेंकते हुए खुद वीडियो रिकॉर्ड की और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया और बैकग्राउंड में बहादुरी दिखाने वाला गाना भी लगाया। दर्शना ने अपनी शिकायत में लिखा है कि उनका परिवार पिछले चार दिनों से घर नहीं जा रहा, क्योंकि उन्हें आरोपियों से जान को गंभीर खतरा है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई है कि अगर हमें कुछ होता है, तो इसके जिम्मेदार जैरी और उसके साथी होंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *