फर्जी RBI अधिकारी कैश वैन से 7.1 करोड़ लूटकर हुए फरार

Written by

in

बेंगलुरुः कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की लूट की घटना सामने आई है। जहां आरबीआई के फर्जी अधिकारियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया। दरअसल, लुटेरों ने बेंगलुरु शहर के जेपी नगर अशोका पिलर के पास बीच सड़क पर CMS कंपनी की एटीएम कैश रिफिलिंग गाड़ी से 7.1 करोड़ रुपये लूट फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार कैश वैन जेपी नगर में स्थित बैंक शाखा से नकदी लेकर एटीएम में डालने जा रही थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने आयकर अधिकारी होने का दिखावा किया था।

वहीं इस घटना को लेकर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा कि बेंगलुरू में ऐसी घटना संभवत: पहले कभी नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि भारत सरकार का स्टिकर लगी एक कार में सवार होकर कुछ लोग आए और दस्तावेजों का सत्यापन करने की बात कहते हुए नकदी ले जा रहे वाहन को रोक लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद संदिग्धों ने नकदी लेकर वैन के कर्मचारियों को जबरन अपनी कार में बिठा लिया। अधिकारी ने बताया कि वे कथित तौर पर डेयरी सर्कल की ओर गए, जहां उन्होंने कर्मचारियों को उतार दिया और लगभग सात करोड़ रुपये नकदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि वाहन का मार्ग पता लगाने तथा इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

परमेश्वर ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा। बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि घटना सिद्धपुरा थाना क्षेत्र में हुई। वाहन के रास्ते का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। वहीं गृह मंत्री परमेश्वर ने आश्वासन दिया कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि “पूरे शहर में नाकाबंदी है, हम अपना प्रयास कर रहे हैं। हमने कई टीमें बनाई हैं, हमारी टीमें पूरे शहर में फैली हुई हैं। हमारी टीमें जमीनी स्तर पर मौजूद हैं, साथ ही विभिन्न तकनीकी शाखाओं के तहत नियंत्रण कक्ष में भी मौजूद हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *