स्कूल में गैस लीक होने से बच्चों की बिगड़ी तबीयत, देखें वीडियो

Written by

in

हरदोईः उत्तर प्रदेश में संडीला कस्बे के एक निजी स्कूल में आज गैस लीक होने के मामले में हड़कंप मच गया। वहीं गैस रिसाव की चपेट में आने से 16 छात्र बेहोश हो गए। इसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में बच्चों को खांसी, उल्टी और बेहोशी छाने लगी। जिससे स्कूल में भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों को तुरंत स्कूल से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए उन्हें स्थानीय सीएचसी भेजते हुए प्रशासन को जानकारी दी। बच्चों के अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तुरंत जांच शुरू की।

इसी बीच, घटना के बारे में अभिभावकों को भी सूचना दी गई। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर अभिभावक अस्पताल के बाहर जुट गए। हरदोई पुलिस ने घटना के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “थाना संडीला क्षेत्रांतर्गत एक स्कूल में किसी गैस रिसाव के कारण स्कूल के छात्रों के बेहोश होने के उपरांत प्रभावित छात्रों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

जिलाधिकारी और एसपी की ओर से स्कूल का निरीक्षण कर चिकित्सालय पहुंचकर छात्रों से मिलकर चिकित्सकों को उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए।” जिलाधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों से जानकारी ली। लगभग 16 छात्राएं थीं, जिनकी तबीयत बिगड़ी। एक बच्ची को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाद वे स्कूल जाएंगे और जांच पड़ताल के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया, वहीं कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार प्रैक्टिकल चल रहा था उसी दौरान किसी बच्चे ने टॉयलेट में कोई पदार्थ डाल दिया था, जिससे गैस बनी और वह स्कूल में फैल गई।हालांकि पुलिस जांच में जुटी हुई है। एसडीएम संडीला ने बताया कि बच्चों का इलाज जारी है। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *