ताश के पत्तों की तरह गिरी 3 मंजिला इमारत, धमाके की आवाज सुनकर भागे लोग, देखें वीडियो

Written by

in

फरीदाबादः हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित सीकरी गांव के हरपाल रोड पर ताश के पतों की तरह 3 मंजिला इमारत गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना एक निर्माणाधीन इमारत में हुई है। जहां पिछले काफी समय से भावना नर्सिंग होम के नाम से एक इमारत बनाई जा रही थी। बल्लभगढ़ के डॉ. राधा रमन के द्वारा इस बिल्डिंग को बनवाया जा रहा था। यह बिल्डिंग तीन मंजिल की बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि बिल्डिंग के गिरने से काफी देर पहले बिल्डिंग का एक ओर झुकाव हो गया था। इस घटना में गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। घटना के दौरान बिल्डिंग के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया। बिल्डिंग गिरने के बाद आस-पास क्षेत्र में धुएं का गुब्बार हो गया। वहीं बिल्डिंग गिरने के दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। सीकरी थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि इस हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई है। जिस बिल्डिंग का निर्माण चल रहा था, वहां पर आज कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। हालांकि इससे दूसरी दुकानों को जरूर नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस बिल्डिंग में बेसमेंट भी बनाया गया है। बिल्डिंग को बनवा रहे मालिक डॉ राधा रमन ने बताया कि यहां जमीन में पानी काफी ऊपर है। कुछ फीट खोदने पर ही पानी निकल आता है। जिस कारण बेसमेंट में पानी जमा हो रहा था। बेसमेंट में पानी के भरने से नींव कमजोर हो गई और बिल्डिंग गिर गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *