स्कार्पियो और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत, 3 घायल

Written by

in

जांजगीरः छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकली गांव के पास नेशनल हाईवे-49 पर देर रात स्कार्पियो और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई। दरअसल, नवागढ़ से बारात से लौट रही स्कार्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतकों की पहचान विश्वनाथ देवागन (43) पिता सुखरु देवागन, राजेंद्र कश्यप (27) पिता कोमल कश्यप, पोमेश्वर जलतारे (33) पिता पुरुषोत्तम जलतारे, भूपेंद्र साहू (40) पिता रेशम साहू, कमलनयन साहू (22) पिता रामचरण साहू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायल लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ के रहने वाले करीब आठ लोग स्कार्पियो में सवार होकर पंतोरा गांव बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात लौटते समय सुकली गांव के पास एनएच -49 पर ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर जांजगीर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया।

गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सेना के जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की कुछ ही दिनों पहले शादी हुई थी। सभी मृतक और घायल नवागढ़ के एक ही मोहल्ले के रहने वाले थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *