Basketball का पोल गिरने से 2 खिलाड़ियों की मौत, देखें CCTV

Written by

in

रोहतकः शहर में एक राष्ट्रीय स्तर के उभरते खिलाड़ी की मौत का मामला सामने आया है। 16 वर्षीय शानदार बास्केटबॉल प्लेयर हार्दिक एक ऐसी लापरवाही की भेंट चढ़ गए, जिसकी कल्पना भी कठिन है। खराब और ढीले खड़े पोल ने उसकी मेहनत, संघर्ष और सपनों को एक पल में खत्म कर दिया। यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि खेल ढांचे की विफलता का एक दर्दनाक उदाहरण है। इस त्रासदी के बाद 24 घंटे बाद ही बहादुरगढ़ में फिर 15 वर्षीय अमन की जान भी ऐसे ही गिरे पोल की वजह से चली गई। 2 टैलेंटेड खिलाड़ियों की लगातार मौतों ने खेल विभाग की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी मुताबिक, रोहतक के लखन मजरा में हार्दिक रोज की तरह अभ्यास कर रहा था। वह दो बार रिम को छूने की कोशिश करता है जिसमें दूसरी बार जैसे ही वह रिम पकड़ता है, तो पोल अपनी जड़ से उखड़कर सीधा उसके सीने पर गिर जाता है। पोल की पूरी ताकत उसके शरीर पर पड़ती है और वह कोर्ट पर गिर जाता है। कुछ ही सेकंड में साथी लड़के दौड़कर आते हैं, पोल उठाते हैं लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। इस दौरान सारी घटना CCTV में भी कैद हो गई। बताया जा रहा है कि हार्दिक हाल ही में नेशनल कैंप से लौटा था और भारत के लिए खेलने का उसका सपना बेहद करीब था। पिता संदीप राठी ने अपने दोनों बेटों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग के लिए स्पोर्ट्स क्लब में दाखिला दिलाया था, लेकिन एक पोल की लापरवाही उसकी जिंदगी छीन ले गई।

इस दर्दनाक घटना के अगले ही दिन बहादुरगढ़ के स्टेडियम में अभ्यास कर रहे अमन पर भी बास्केटबॉल का पोल गिर गया। अमन को गंभीर चोटें आईं और उसे रोहतक पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिला। अमन 10वीं कक्षा में पढ़ता था और हाल ही में स्कूल स्पोर्ट्स में मेडल भी जीता था। 2 दिनों के भीतर 2 खिलाड़ियों की मौत ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पोस्टमॉर्टम कर परिवारों को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *