Electric स्कूटी-बाइक व ई-रिक्शा शोरूम में लगी भीषण आग, 10 फीट तक उठी लपटों से दहला इलाका, देखें वीडियो

Written by

in

कई वाहन जलकर खाक, 4 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू

कोटाः शहर में टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी-बाइक शोरूम में आग लग गई। लपटें 10 फीट तक उठ रही थीं जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने बगल के ई-रिक्शा शोरूम को भी चपेट में ले लिया। 4 दमकल की गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शोरूम के ऊपर जिम है। घटना के समय दो दर्जन से ज्यादा लोग जिम में थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए सभी बाहर की तरफ भागे। गनीमत यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन शोरूम में रखी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। जानकारी देते शोरूम मालिक मनोज कुमावत ने बताया कि बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित 80 फीट रोड पर शिव शक्ति हॉस्पिटल के पास इलेक्ट्रिक बाइक-स्कूटी का शोरूम है। उन्हें सुबह 7:00 बजे के लगभग सूचना मिली कि शोरूम में आग लग गई है। यहां पर आकर देखा तो 40 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बाइक पूरी जल चुकी थी। ये सभी बाइक अलग-अलग मॉडल की थी। किसी की कीमत 50 तो किसी की 80 हजार रुपए थी। आग के कारणों की जानकारी नहीं है। बाइक शोरूम के बगल में ई रिक्शा का शोरूम (श्रीनाथजी ऑटो सेल्स) है। ई-रिक्शा शोरूम मालिक मिमोहर गुप्ता ने बताया कि लगभग 17 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। 10 ई-रिक्शा आग की चपेट में आई है। वहीं, बाइक शोरूम मालिक का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब एक घंटा लेट पहुंची। समय पर गाड़ी आ जाती तो नुकसान कम हुआ होता। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि उन्हें सूचना मिलने पर 4 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 8:05 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में 10-15 मिनट लगते हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। फिलहाल जांच जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *