Punjab News: पानी में डूबने से एक युवक की मौत

Written by

in

लुधियाना: दोराहा घाट पर देवी सरस्वती की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान आज एक दुखद घटना घटी। उचित सुरक्षा उपायों के अभाव में सरहिंद नहर के गहरे पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। यह घटना उस समय घटी, जब मूर्तियों को विसर्जन के लिए नहर किनारे तट पर लाया जा रहा था। तभी अचानक युवक का पैर नहर में फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लुधियाना के गोविंदगढ़ निवासी सुधीर के रूप में हुई है।

उल्लेखनीय है कि दोराहा घाट पर आज लोगों की भारी भीड़ जमा थी और मूर्तियों के विसर्जन का कार्य चल रहा था। सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह दुखद हादसा हुआ। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की जांच शुरू कर दी है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य भी शुरू कर दिया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब मूर्ति विसर्जन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तो घाट पर प्रशासन द्वारा पहले से सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए जाते हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए दोराहा थाने के एस.एच.ओ. सब इंस्पेक्टर राव वरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *