कचरा गोदाम में लगी भीषण आग, इलाके में फैला जहरीला धुआं

Written by

in

धनबादः झरिया के सिंह नगर स्थित एक कचरा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में जहरीला काला धुआं और लपटें फैल गईं। एहतियात के तौर पर कई दुकानदारों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकल कर्मियों के अनुसार, आग काफी विकराल है और इसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

जानकारी मुताबिक, झरिया थाना के अतर्गत सिंह नगर स्थित एक कचरा गोदाम में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर लोगों ने फायरब्रिगेड और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति पर नजर रखी। स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

कचरा गोदाम के मालिक दीपक साहू ने बताया कि घटना के समय वे मंदिर गए हुए थे। उनके स्टाफ ने उन्हें फोन पर आग लगने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरा गोदाम जल रहा था। दीपक साहू के अनुसार, इस आगजनी में लगभग 70 से 80 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *