Punjab के सबसे महंगे Toll Plaza पर Firing, VIP Line में जाने को लेकर हुआ विवाद, देखें CCTV

Written by

in

लुधियानाः पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा लाडोवाल पर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, कार सवार कुछ लोगों द्वारा वीआईपी लाइन से जाने की जिद को लेकर विवाद बढ़ा। कार सवार खुद को किसी विभाग का चेयरमैन बता रहा था। टोल कर्मी ने जब कार सवार लोगों से आईडी कार्ड मांगा तो गुस्से में आकर उन्होंने टोल कर्मियों पर गोलियां चला दी। हालांकि, गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग के बाद टोल कर्मियों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। जानकारी देते टोल कर्मी कुलजीत सिंह ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े 10 बजे वीआईपी लाइन में एक XUV गाड़ी लुधियाना से फिल्लोर की तरफ जाने के लिए आई। गाड़ी में सवार लोग बिना टैक्स दिए गाड़ी निकालने की जिद कर रहे थे। गाड़ी में 7 से 8 लोग बैठे थे। उनसे जब वीआईपी कार्ड मांगा तो उन्होंने कोई कार्ड नहीं दिखाया। वह खुद को किसी विभाग का चेयरमैन कह रहे थे। उनके साथ के लोग जबरदस्ती गेट खुलवाकर गाड़ी ले जाने लगे तो उन्हें रोक लिया। गुस्से में आकर हमलावरों ने मारपीट शुरू कर दी। टोल कर्मी ने बताया कि मारपीट के बाद हमलावरों ने टोल कर्मियों पर सीधी गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान 4 से 5 फायर किए गए। किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। टोल कर्मियों ने भी अपने बचाव के डंडे आदि उठाए। गोलियां चलने की आवाज से टोल बूथों में बैठे अन्य कर्मचारी भी जब बाहर आ गए तो कार सवार व्यक्ति मौके से फरार हो गए। इस दौरान सारी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। टोल कर्मियों ने घटना की सूचना तुरंत थाना लाडोवाल की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *