Jalandhar News : खेल के क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों को प्राथमिकता देने की आवश्यकताः संत सीचेवाल

19वें बलवंत सिंह कपूर यादगारी हॉकी टूर्नामेंट का किया उद्घाटन

जालंधर, ENS: बलटन पार्क स्थित ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में राज्यसभा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने 19वें बलवंत सिंह कपूर यादगारी हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। इस दौरान स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच मुकाबले की शुरुआत संत सीचेवाल ने गेंद को हिट करके की। मुख्यातिथि के रूप में अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वह खुद हॉकी के सबसे बड़े प्रशंसक हैं और उन्होंने खुद भी इस खेल को खेला है। कपूर परिवार द्वारा हर साल राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले इस टूर्नामेंट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि 19 वर्षों से लगातार इस टूर्नामेंट का आयोजन करना किसी सफलता से कम नहीं है।

सीचेवाल ने कहा- कभी हॉकी टीम में 8 खिलाड़ी पंजाब के ग्रामीण इलाकों से होते थे
सीचेवाल ने भारतीय हॉकी के सुनहरे दौर को याद करते हुए कहा कि जब केवल घास के मैदानों पर हॉकी मुकाबले होते थे, तब भारतीय हॉकी टीम लगातार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीत रही थी। वह दौर भी था जब हॉकी टीम में आठ खिलाड़ी पंजाब के ग्रामीण इलाकों से होते थे। संत सीचेवाल ने कहा कि आज भी ग्रामीण इलाकों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है, क्योंकि इन क्षेत्रों से बेहतरीन खिलाड़ी निकल सकते हैं।

सीचेवाल में एस्टो-टर्फ लगाए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल मजबूत होता है। गांवों में भी एस्टो-टर्फ वाले खेल मैदान होने चाहिए। संत सीचेवाल ने पंजाब के पर्यावरण के बारे में चिंता जताते हुए कहा कि यहां की हवा प्रदूषित हो रही है, जिसका असर मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इस प्रदूषण के कारण खिलाड़ियों का खेल भी प्रभावित होता है। पंजाब के पानी की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय था जब पंजाब का पानी दूध से भी ताकतवर होता था, लेकिन अब प्रदूषित पानी कैंसर और अन्य खतरनाक बीमारियों का कारण बन रहा है।

संत सीचेवाल ने इस हॉकी टूर्नामेंट का ध्वज लहराकर इसकी आधिकारिक शुरुआत की। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया और खेल भावना को मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *