अंतर-महाविद्यालय हॉकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में रोमांच, ऊना ने सुन्नी को 23–0 से रौंदा

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना की मेज़बानी में इंदिरा स्टेडियम, ऊना में चल रही तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालय पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि युवा समन्वयक दीपक जायसवाल की विशेष उपस्थिति रही। इसके साथ ही उप-प्राचार्य प्रो. पुनीत तथा महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहे।

पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय सुन्नी को 23–0 के भारी अंतर से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। ऊना की टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार गोल दागते हुए विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया। दूसरे पुरुष सेमीफाइनल मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय चंबा और राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के बीच मुकाबला बेहद संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में घुमारवीं की टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर को 19–0 से पराजित किया।

वहीं एक अन्य मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय ऊना की महिला टीम ने राजकीय महाविद्यालय सोलन को 3–0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि प्रिंस पठानिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करती हैं। युवा समन्वयक दीपक जायसवाल ने भी खिलाड़ियों के उत्साह की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

यह प्रतियोगिता 7 दिसंबर से 9 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। फाइनल मुकाबले 9 दिसंबर को खेले जाएंगे। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय प्रशासन, खेल विभाग, निर्णायक मंडल का विशेष योगदान रहा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *