Punjab News: ट्रैक्टर ट्राली और जीप की टक्कर के बाद बिजली पोल से टकराए वाहन, हुए धमाके

Written by

in

हाईवोल्टेज ड्रामा, दोनों वाहन मालिकों ने लगाई उच्च अधिकारियों तक पहुंच

लुधियानाः बठिंडा राज मार्ग पर कस्बा गुरुसर सुधार बाजार स्थित खालसा कॉलेज और सरकारी अस्पताल के पास मंगलवार तड़के 5 बजे ट्रैक्टर ट्राली और जीप की भिड़ंत के बाद दोनों वाहन 11 हजार वोल्टेज हाई टेंशन लाइन के खंबे से टकरा गए। इस घटना में हाई वोल्टेज तारों में बम फटने जैसी आवाज दूर दूर तक सुनाई दी। गनीमत रही कि दुर्घटना के बाद बिजली सप्लाई बंद हो गई और दोनों वाहनों के चालक और उनके साथ बैठे सभी लोगों की जान बच गई। दरअसल, घोड़ों की खुराक लेकर लुधियाना की तरफ जा रही थी। ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करने के दौरान दोनों वाहन आपस में टकराकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर हाईटेंशन बिजली लाइन के खंबे से टकरा गए। इस घटना को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां राजस्थान नंबर की जीप की ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर होने के बाद दोनों वाहन चालकों द्वारा भरपाई को लेकर अपनी पहुंच उच्च अधिकारियों तक लगाई गई। दरअसल, घटना को लेकर दोनों वाहन चालक दुर्घटना का ठीकरा एक दूसरे पर फोड़ते रहे और पॉवरकाम के नुकसान की भरपाई से साफ मुकर गए। जिसके बाद मौके पर पहुंचे थाना सुधार के प्रभारी गुरदीप सिंह दोनों वाहन चालकों को थाने ले गए। इस दौरान पॉवरकाम अधिकारी भी थाने पहुंचे और नुकसान की भरपाई पर अड़ गए। भरपाई नहीं हो पाने के कारण काफी समय तक पूरे इलाके में बिजली सप्लाई बंद होने के बीच राजनीतिक ड्रामा भी चरम पर रहा। जीप मालिक ने चंडीगढ़ आवास से फोन की घंटी खड़कवा दी। दूसरी ओर ट्रैक्टर ट्राली चालक ने लुधियाना पुलिस प्रमुख और संबंधित डीएसपी दफ्तर में फोन करवा दिया। दोनों वाहन मालिकों की ऊंची पहुंच का खामियाजा अब पॉवरकाम को भुगतना पड़ रहा है। पॉवरकाम अधिकारी ने बताया कि दोनों वाहन चालकों का थाना सुधार में समझौता हो रहा है क्योंकि ट्रैक्टर ट्राली को दुर्घटना में खासा नुकसान पहुंचा है और उसका मालिक जीप मालिकों से इसकी भरपाई की जिद पर अड़ा है। दोनों तरफ से बड़ी बड़ी सिफारिश लगने से सुधार पुलिस के समझौता करवाने में पसीने छूट गए हैं। पॉवरकाम अधिकारी ने बताया कि विभाग का भारी नुकसान हुआ है और नुकसान की भरपाई ना होने के कारण अब वे खुद ही इसे ठीक करवा रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *