बिजलीकर्मी पर फायरिंग, लोगों को इकट्ठा होता देख एक पैर पर भागा आरोपी

Written by

in

सतनाः जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, एक दिव्यांग ने लूट के इरादे से बिजलीकर्मी के सीने में गोली मार दी। इस दौरान बिजलीकर्मी ने हिम्मत दिखाते हुए उससे कट्टा छीन लिया। हाथापाई में दिव्यांग का आर्टिफिशियल पैर निकल गया और फायरिंग की आवाज सुन लोग भी इकट्ठा होने लगे। पीड़ित को लगा कि वह आरोपी को पकड़ लेगा, लेकिन हमलावर एक पैर से ही कूदते हुए फरार हो गया।

इस दौरान आरोपी सीसीटीवी में एक पैर पर भागता हुआ नजर आया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी ने एक पैर से भागते हुए कई राहगीरों से लिफ्ट भी मांगी थी। गोली लगने के बाद भी रामनरेश खुद सिटी कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी मुताबिक, 60 वर्षीय रामनरेश वर्मन, जो बिजली विभाग में चपरासी हैं, ड्यूटी खत्म कर रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। अचानक एक दिव्यांग युवक ने पास आकर कट्टे से उन पर फायर कर दिया। गोली सीधे उनके सीने में लगी। इसके बावजूद रामनरेश ने हार नहीं मानी। वे हमलावर पर टूट पड़े और उसे पकड़ने की कोशिश की। रामनरेश वर्मा ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। वे आरोपी को जानते भी नहीं हैं। गुरुवार रात ड्यूटी से लौटते वक्त अचानक आरोपी ने हमला कर दिया।

घटना के बाद लोगों को लगा कि आरोपी बिना कृत्रिम पैर के भाग नहीं पाएगा, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह एक पैर से ही घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में जब पुलिस पहुंची और फुटेज खंगाले, तो आरोपी को अंडरपास की सीढ़ियों से नीचे उतरते और सड़क की ओर जाते हुए देखा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने रास्ते में ऑटो रुकवाने और एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगने की कोशिश की, लेकिन पैर गायब देख लोगों ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया। पुलिस को जो कृत्रिम पैर मौके से मिला है, उस पर ‘राजेंद्र’ नाम लिखा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस धवारी, राजेंद्रनगर और आसपास के क्षेत्रों में दिव्यांग लोगों से पूछताछ कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *