अमृतसरः शहर के सदर पुलिस स्टेशन के तहत जवाहर नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने दूसरी महिला पर एसिड या कोई जहरीला केमिकल फेंक दिया। इस हमले से पीड़ित महिला के चेहरे पर बुरा असर पड़ा है और उसकी आंखों की रोशनी जाने का खतरा है।
जानकारी देते पीड़ित महिला संतोष कुमारी ने बताया कि वह घर के बाहर कपड़े धो रही थी कि अचानक एक महिला आई और उस पर कोई जहरीला पदार्थ फेंककर मौके से फरार हो गई। हमले के तुरंत बाद उसे आंखों में बहुत तेज जलन महसूस हुई और अब उसे ठीक से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। पीड़िता का कहना है कि उसका किसी से कोई बड़ा झगड़ा नहीं था, परिवार में थोड़ी बहुत कहासुनी ही हुई थी, लेकिन उसने कभी ऐसे हमले के बारे में नहीं सोचा था। उसने बताया कि घटना के समय उसकी मां और भाई भी घर में मौजूद थे और घर के बाहर CCTV कैमरे भी लगे हुए हैं। महिला जरूर सीसीटीवी में कैद हुई होगी। पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसे न्याय मिले और दोषी को सख्त सजा मिले।
इस बारे में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान संतोष कुमारी के रूप में हुई है और हमलावर उसकी भतीजी चादनी उर्फ रिचा है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद इस्तेमाल किए गए केमिकल की पुष्टि होगी।

Leave a Reply