Punjab News: कलोआ कत्लकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

होशियारपुर। जिले के अधीन आते गांव चोटाला में कलोआ कत्लकांड को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनकाउंटर के दौरान मुख्य आरोपी को काबू कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बलजीत सिंह की गोलियां मारकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मनिंद्र सिंह उर्फ लखविंद्र, निवासी गांव खडियाला सैनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जिससे मामले की जांच को अहम सुराग मिले हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस को आरोपी की मौजूदगी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पार्टी पर क्रॉस फायरिंग शुरू कर दी। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी की टांग में गोली लगी है।

घायल अवस्था में आरोपी को पुलिस ने मौके पर ही काबू कर लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *