पंजाब सरकार की बड़ी पहल, बागवानी पर मिलेगी 40 फीसदी सब्सिडी

चंडीगढ़: पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को बागवानी अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। सरकार आकर्षक सब्सिडी योजनाओं के माध्यम से फसल विविधीकरण को बढ़ावा दे रही है, ताकि किसान पारंपरिक गेहूं-धान चक्र से बाहर निकलकर अधिक लाभकारी फसलों की खेती कर सकें।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन (एनएचएम) के तहत किसान नए बाग लगाने सहित विभिन्न बागवानी गतिविधियों के लिए 40 प्रतिशत तक सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भू-जल संरक्षण करना और फल-सब्जियों जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों से किसानों की आय बढ़ाना है।

बागवानी मंत्री ने जानकारी दी कि इच्छुक किसान अपने संबंधित जिला बागवानी कार्यालयों के जरिए से सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग का फील्ड स्टाफ किसानों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता शर्तों और अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी किसान-हितैषी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से समय पर किसानों तक पहुंचे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *