Himachal News: ग्राम पंचायत दुलेहड़ में सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण कोर्स शुरू 

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: पीएनबी आरसेटी ऊना द्वारा ग्राम पंचायत दुलेहड़ में दो सप्ताह की अवधि का सॉफ्ट टॉय निर्माण प्रशिक्षण कोर्स प्रारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ यूको बैंक दुलेहड़ के शाखा प्रमुख अमित शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी ऊना के सीनियर फैकल्टी आकाश भारद्वाज तथा सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षक उर्मिला भी उपस्थित रहीं।

पीएनबी आरसेटी ऊना के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएनबी आरसेटी ऊना जिला ऊना का एकमात्र प्रशिक्षण संस्थान है, जो ग्रामीण विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अल्पावधि के व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना तथा जिले में बेरोजगारी की समस्या को कम करना है।

उन्होंने बताया कि पीएनबी आरसेटी द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रतिभागियों को तकनीकी कौशल के साथ-साथ बैंकिंग ज्ञान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी, बाजार सर्वेक्षण तथा एसडब्ल्यूओटी (SWOT) विश्लेषण जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे एक सफल उद्यमी बन सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण युवाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिससे वे स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन सकें। सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क संचालित किए जाते हैं। इन-हाउस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आवास एवं भोजन की निःशुल्क सुविधा प्रदान की जाती है, जबकि ऑफ-साइट प्रशिक्षण के लिए डेबोर्डिंग की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाती है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है।

निदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों को आश्वस्त किया कि संस्थान द्वारा उन्हें नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु हर संभव मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त करें बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *