T-20 World Cup से पहले पंड्या ने खेली तूफानी पारी, एक ओवर में जड़े 5 छक्के, देखें वीडियो

Written by

in

राजकोटः भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए शनिवार को यहां विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में बड़ौदा की तरफ से खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ 93 गेंदों में 133 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने एक ओवर में 5 छक्के जड़े। दरअसल, बड़ौदा का स्कोर एक समय 6 विकेट पर 136 रन था। लेकिन इसके बाद हार्दिक ने अपना कमाल दिखाया। उन्होंने अपनी पारी में कुल मिलाकर 11 छक्के और 8 चौके लगाए। इस प्रतियोगिता में अपना पहला मैच खेल रहे हार्दिक ने 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तूफानी पारी खेली। इस तरह से वह अपने 119वें मैच में लिस्ट ए में अपना पहला शतक जमाने में सफल रहे। उनकी इस पारी की मदद से बड़ौदा ने 9 विकेट पर 293 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। हार्दिक ने 39वें ओवर में विदर्भ के स्पिनर पार्थ रेखाडे को निशाना बनाया। उन्होंने इस ओवर में कुल 34 रन बटोरे, जिसमें 5 छक्के और एक चौका शामिल था। उन्होंने पहली 5 गेंदों पर छक्के लगाए लेकिन आखिरी गेंद पर चौका ही लगा सके। हार्दिक के दबदबे का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि बड़ौदा की तरफ से दूसरा सर्वोच्च स्कोर विष्णु सोलंकी का था जिन्होंने 26 रन बनाए। हार्दिक को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में आराम दिया जाएगा जबकि वह टी20 सीरीज के दौरान टीम का हिस्सा रहेंगे। टी20 सीरीज से पहले हार्दिक विजय हजारे ट्रॉफी के दो मुकाबले खेलेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *