Punjab News: पुलिस और गैंगस्टर में हुई मुठभेड़ में आरोपी ढेर, सरपंच कत्ल से जुड़े तार

तरनतारन: जिले के भिखीविंड के पास पुहला के नजदीक पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गई। वहीं पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक गैंगस्टर के मारे जाने की सूचना मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार AGTF और CIA तरनतारन की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुर सिंह से पुहला जा रहे संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस पार्टी ने रुकने का इशारा किया।

इस दौरान उक्त व्यक्ति ने रुकने की बजाय पुलिस पार्टी पर ही फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में उक्त गैंगस्टर द्वारा चलाई गई गोली एक पुलिस जवान को लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण जवान बच गया। पुलिस पार्टी ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान हरनूर सिंह उर्फ नूर निवासी कट्टूंगल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अफरीदी और प्रभ दासूवाल का करीबी गुर्गा था। मौके पर पहुंचे DIG स्नेहदीप शर्मा ने मीडिया को बताया कि वालटोवा के सरपंच जरमल सिंह की रेकी करके उसे मौत के घाट उतारने वाले गैंगस्टर को अफरीदी और प्रभ दासूवाल का गुर्गा बताया जा रहा है, जिसे आज AGTF और CIA स्टाफ तरनतारन की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।

पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी ने सरपंच जरमल सिंह की रेकी की थी और वह हत्या के मामले से जुड़े षड्यंत्र के पहलुओं में शामिल था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में शामिल गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नेटवर्क का पता लगाने के लिए गुप्त छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई को जरमल सिंह हत्याकांड की जांच में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *