प्रधानमंत्री रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री का संदेश: युवा बनेंगे भारत के विकास के स्तंभ

चण्डीगढ: केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार मेला के माध्यम से चयनित नवनियुक्त युवा विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति में महती भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां केवल रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी हैं, जिसे युवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा-भावना के साथ निभाएंगें।

राव इंद्रजीत सिंह शनिवार को गुरुग्राम में आयोजित प्रधानमंत्री रोजगार मेला कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 218 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर भी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि देशभर में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रमों के दौरान 8,000 से अधिक महिला अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में युवाओं को पारदर्शी, समयबद्ध और निष्पक्ष रोजगार प्रदान करने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा का वास्तविक अर्थ अनुशासन, पारदर्शिता, ईमानदारी और सेवा-भावना से कार्य करना है।

केन्द्रीय मंत्री ने युवाओं का आह्वान् किया कि वे अपनी जड़ों को न भूलें और पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि समाज और राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि आज नियुक्त होने वाले युवा आने वाले समय में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और देश को पुनः विश्वगुरु के मार्ग पर अग्रसर करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *