Swarna Nagari Express के पहियों से निकला धुआं, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Written by

in

जैसलमेरः दिल्ली से जैसलमेर आ रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस (12468) में रविवार सुबह करीब 9 बजे पहियों में धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया और रेलवे स्टाफ ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना के चलते ट्रेन करीब 20 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। यात्री लगेज लेकर नीचे उतर गए।

जानकारी मुताबिक, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर लाठी स्टेशन से जैसलमेर के लिए रवाना हुई थी। कोच से धुआं निकलने की सूचना पर लोको पायलट ने जेठा और चांधन रेलवे स्टेशनों के बीच इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को जंगल क्षेत्र में ही रोक दिया। ट्रेन के अचानक रुकने और पहियों के पास से धुआं उठता देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्री एहतियातन कोच से नीचे उतरने लगे।

ट्रेन रुकते ही रेलवे का तकनीकी स्टाफ और गार्ड तुरंत प्रभावित कोच के पास पहुंचे। अग्निशमन यंत्रों की मदद से कड़ी मशक्कत से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्राथमिक जांच पूरी कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ट्रेन को करीब 20 मिनट की देरी से जैसलमेर के लिए रवाना किया गया। हालांकि रेलवे प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, लेकिन रेलवे से जुड़े जानकारों का कहना है कि यह घटना ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की वजह से हो सकती है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *